
देहरादून
व्यापारिक लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप, रायपुर थाना पुलिस ने शुरू की जांच
देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में पंकज मित्तल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई अजय मित्तल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पंकज मित्तल 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे दो मंजिला इमारत के नीचे गिरे हुए मिले थे। उनके सिर पर चोट लगी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। इस दौरान घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है।
सुसाइड नोट में व्यापारिक लेन-देन का जिक्र
शिकायतकर्ता अजय मित्तल ने आरोप लगाया है कि व्यापारिक लेन-देन को लेकर पंकज मित्तल को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। शिकायत के मुताबिक, सुसाइड नोट में बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर भी व्यापारिक लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं।
पंजाब के रहने वाले थे पंकज मित्तल
जानकारी के अनुसार, पंकज मित्तल मूल रूप से पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़, जिला फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले थे। उनके भाई अजय मित्तल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 26 अक्टूबर की रात 11:24 बजे मुकदमा दर्ज किया। अब पुलिस सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों, व्यापारिक लेन-देन और मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मामले की जांच उप निरीक्षक दीपक द्वेदी को सौंपी है अब पुलिस सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों व्यापारिक लेन देन से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच करेगी।फिलहाल बिल्डर पर लगे आरोपों की सवतंत्र पुष्टि होना बाकी है।



