उत्तराखंड

दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी की पहल, मीका और दलेर को उत्तराखंड आने का दिया न्योता

Listen to this article

देहरादून। टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी का कार्यक्रम रोके जाने से शुरू हुआ विवाद अब शांत होता नजर आ रहा है। चर्चा है कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने फोन पर बातचीत के दौरान दलेर मेहंदी से माफी मांगी है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और उनके भाई मीका सिंह को उत्तराखंड आने का न्योता दिया है।

मीका सिंह की टीम ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कलाकारों के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। टीम ने उम्मीद जताई कि विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय आपसी सम्मान के साथ समाप्त किया जाएगा।

मीका सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई बातचीत का हवाला देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने उनसे और दलेर मेहंदी से बात की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बातचीत करने के तरीके की सराहना की। मीका के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने दोनों भाइयों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि वे जल्द ही प्रदेश में कार्यक्रम करने की योजना बना सकते हैं।

इस मामले में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

यह था पूरा विवाद

विवाद की शुरुआत सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुई थी। कार्यक्रम के बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने हस्तक्षेप करते हुए गायक पर लिप-सिंक करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और मीका सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी का समर्थन करते हुए प्रतिक्रिया दी थी।

अब मुख्यमंत्री की पहल और दोनों गायकों को उत्तराखंड आने के निमंत्रण के बाद विवाद के शांत होने के संकेत मिले हैं। हालांकि, मंत्री की ओर से माफी दिए जाने की बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!