एक बार फिर उर्मिला सनावर पर केस, CBI कोर्ट के बाहर राज्यपाल पर टिप्पणी करना पड़ा भारी

देहरादून। सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम और अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर मानहानिकारक बयान प्रसारित करने के मामले में उर्मिला सनावर के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोती बाजार निवासी सागर की शिकायत पर पुलिस ने 25 अक्टूबर की रात FIR दर्ज की। शिकायत के मुताबिक हरिद्वार रोड स्थित CBI कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर सुजाता पॉल का लोगो लगा है।
आरोप है कि वीडियो में उर्मिला सनावर मीडिया के सामने बिना किसी न्यायिक आदेश या प्रमाण के सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत कुमार गौतम, बीएल संतोष और आरती गौड़ के खिलाफ आपत्तिजनक और मानहानिकारक आरोप लगा रही हैं।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसे बयानों से संबंधित व्यक्तियों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है और समाज में भ्रम और आक्रोश फैलने की आशंका है।
पुलिस ने BNS की धारा 79, 352, 353 और 356 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष कैलाश चंद्र भट्ट के निर्देश पर जांच उपनिरीक्षक राकेश रावत को सौंपी गई है। पुलिस वीडियो की सामग्री और उसे प्रसारित करने वालों की भूमिका की जांच कर रही है।



