बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, हल्की चोटें आईं

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में सोमवार सुबह सड़क हादसे में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बदरीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रहे एक वाहन ने विधायक की गाड़ी को टक्कर मार दी। राहत की बात यह है कि विधायक विनोद कंडारी को गंभीर चोट नहीं आई है। उन्हें हल्की चोटें लगी हैं और उनकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह विधायक विनोद कंडारी की गाड़ी बदरीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर पुल के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
हादसे में विधायक को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। उनके सुरक्षित होने की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक तौर पर दुर्घटना का कारण दूसरे वाहन का गलत दिशा में आना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।



