जॉर्ज एवरेस्ट की जमीन निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान तेज

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि को निजी हाथों में सौंपने के फैसले के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। कांग्रेस ने सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने और जमीन निजी हाथों में सौंपने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य है। राज्य गठन के समय जनता ने उम्मीद की थी कि यहां के जल, जंगल और जमीन पर स्थानीय लोगों का अधिकार सुरक्षित रहेगा और इन संसाधनों का इस्तेमाल प्रदेश के विकास तथा जनकल्याण के लिए किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार सरकारी जमीनों को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपकर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।
गोदियाल ने कहा कि मसूरी स्थित जॉर्ज एवरेस्ट केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी महत्वपूर्ण भूमि को निजी हाथों में सौंपने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जमीन किस प्रक्रिया के तहत, किन शर्तों पर और किसके हितों को ध्यान में रखकर निजी हाथों में दी गई है।
सरकारी संपत्तियों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने मांग की कि जिन जमीनों को निजी हाथों में सौंपा गया है, उन्हें तत्काल सरकार में निहित किया जाए। साथ ही जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि सहित अन्य सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने से जुड़े फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए और पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जाए।
उन्होंने कहा कि ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान प्रदेश की जमीन, जंगल और जनहितों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जनआंदोलन है। कांग्रेस प्रदेश की जनता के साथ मिलकर सरकारी भूमि के निजीकरण के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अश्विनी बहुगुणा, उपेंद्र थापली, अमरजीत सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, विधानसभा प्रभारी अमरेंद्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष अमित गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और पार्षद सोमेंद्र बोहरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा सुनीत राठौड़, यशपाल चौहान, गौरव अग्रवाल, रितेश जोशी, प्रशांत खंडूरी, मनीष गुनियाल, सोनिया आनंद, अपून सक्सेना, मेघ सिंह कंडारी, जसवीर कौर, उर्मिला थापा और निशांत बोरा समेत प्रदेश, जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।



