उत्तराखंड

गणेश गोदियाल का बड़ा ऐलान, कांग्रेस सरकार बनी तो गैरसैंण होगी उत्तराखंड की स्थायी राजधानी

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोदियाल ने राज्य के मौजूदा हालात, आंदोलनकारियों के सपनों और प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर अपनी बात रखी। उन्होंने ऐलान किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ अलग राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया था, उसे साकार करने के लिए केवल प्रयास ही नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की भी जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य असंभव नहीं, बल्कि पूरी तरह संभव है।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की जरूरत

गोदियाल ने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को उसकी ग्रामसभा के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं ने राज्य हित के बजाय अपने निजी हितों को ध्यान में रखकर समझौते किए हैं, जिससे उत्तराखंड के सम्मान को ठेस पहुंची है।

सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चला रही कांग्रेस

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार अपने कारनामों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि वह सरकार के कार्यों को घर-घर तक पहुंचाए और जनता को सच्चाई से अवगत कराए।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गोदियाल ने जनता के सामने पार्टी का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो उत्तराखंड को शहीदों के सपनों के अनुरूप विकसित किया जाएगा और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की दिशा में काम होगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!