उत्तराखंड

नंदा गौरा योजना में फर्जी आय प्रमाणपत्रों का खेल, लक्सर में 28 मामले उजागर

Listen to this article

लक्सर। हरिद्वार जिले में नंदा गौरा योजना के तहत फर्जीवाड़े का एक और मामला सामने आया है। लक्सर तहसील क्षेत्र में योजना के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच में 28 आवेदकों के आय प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ पाई गई है। तहसील प्रशासन से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बाल विकास विभाग ने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

दरअसल, हरिद्वार जनपद के बहादराबाद और रुड़की क्षेत्र में पहले भी नंदा गौरा योजना के आवेदनों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी। इसके बाद विभाग ने सभी आवेदनों की जांच कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में लक्सर तहसील क्षेत्र में भी योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की जांच कराई गई, जिसमें 28 मामलों में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

छह हजार की आय को पांच हजार रुपये दर्शाया

जांच में सामने आया कि आवेदकों ने तहसील से छह हजार रुपये की आय के प्रमाणपत्र बनवाए थे। इसके बाद इन प्रमाणपत्रों में छेड़छाड़ कर आय पांच हजार रुपये दर्शाते हुए बाल विकास विभाग में आवेदन जमा किए गए। विभाग ने इन प्रमाणपत्रों की तहसील प्रशासन से जांच कराई थी। गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद अब संबंधित आवेदकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) सुधा त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें गड़बड़ी सामने आई है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पहले भी 193 लोगों पर दर्ज हुआ था मुकदमा

नंदा गौरा देवी कन्या धन योजना के तहत सरकार की ओर से बेटी के जन्म और इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। हरिद्वार जिले में इससे पहले भी योजना में फर्जीवाड़े के मामले सामने आ चुके हैं। वर्ष 2023 में जिले में 193 लोगों के खिलाफ फर्जी आय प्रमाणपत्र लगाकर योजना का लाभ लेने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

उस समय यह मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना था। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे और मामला उत्तराखंड के बजट सत्र में भी उठाया गया था। तत्कालीन कार्रवाई के बाद अब लक्सर में 28 नए मामलों में गड़बड़ी सामने आने से योजना के आवेदनों की जांच और सत्यापन व्यवस्था फिर चर्चा में है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!