उत्तराखंड

2027 में उत्तराखंड में होगा सत्ता परिवर्तन! हरीश रावत ने किया 45 सीटें जीतने का दावा

Listen to this article

मसूरी: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और जमीनों की कथित बंदरबांट का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और कांग्रेस 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाएगी।

हरीश रावत ने कहा कि मसूरी और धनोल्टी विधानसभा सीटों पर भाजपा पिछले दस वर्षों से काबिज है, लेकिन इस बार यहां बदलाव देखने को मिलेगा। कांग्रेस इसे चुनौती के रूप में ले रही है। उन्होंने पार्टी में गुटबाजी की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी पद को हासिल करना नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की वापसी कराना है। पार्टी हाईकमान उन्हें जो जिम्मेदारी देगा, वह उसे स्वीकार करेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यूसीसी, लव जिहाद और मजार जिहाद जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को प्रदेश की उपलब्धियों के रूप में पेश नहीं किया जा सकता। सरकार को महंगाई और आम आदमी की घटती क्रय शक्ति जैसे सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अडानी और अंबानी की संपत्ति बढ़ रही है, जबकि आम आदमी की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। उन्होंने 210 करोड़ रुपये से जुड़े मामले का भी जिक्र करते हुए इसे जनता के सामने रखने की बात कही।

मसूरी की विकास योजनाओं को लेकर हरीश रावत ने कहा कि शहर के लिए पेयजल योजना तैयार की गई थी, लेकिन अब तक उसका लोकार्पण नहीं हो पाया है। उन्होंने पार्किंग और टाउनहाल का जिक्र करते हुए कहा कि इन सुविधाओं का निर्माण उनके कार्यकाल में कराया गया था, जबकि अब भाजपा सरकार इनका लोकार्पण कर रही है। उन्होंने टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कोटद्वार में भी उनके कार्यकाल में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया गया था। उन्होंने कहा कि केवल घोषणाओं से विकास नहीं होता, योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए।

अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि वह हरिद्वार की सेवा करना चाहते हैं। हरिद्वार का उन पर बड़ा उपकार है और खानपुर के लोग भी लगातार उनसे चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाया जा सके। हालांकि, चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देशों के अनुसार ही होगा।

वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहने संबंधी बयान पर हरीश रावत ने नाराजगी जताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। शक्तिमान मामले पर उन्होंने कहा कि जो भी उसकी मौत के लिए जिम्मेदार है, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए। यदि वह स्वयं दोषी हैं तो उन्हें भी सजा मिलनी चाहिए।

अंत में हरीश रावत ने दोहराया कि कांग्रेस का लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में 45 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में स्थिर सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा किसी पद को हासिल करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में कांग्रेस की वापसी सुनिश्चित करना है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!