
देहरादून
गैर जमानती वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान सामने आया पारिवारिक विवाद का सनसनीखेज़ दृश्य
माननीय न्यायालय से प्राप्त गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील के निर्देशों के क्रम में कोतवाली डालनवाला पुलिस ने एक पुराने चोरी के मामले में वांछित चल रहे वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई उस समय और भी संवेदनशील हो गई जब अभियुक्त के घर के भीतर एक गंभीर पारिवारिक विवाद सामने आया।
दिनांक 05 जनवरी 2026 को कोतवाली डालनवाला पुलिस टीम वारंटी अभियुक्त अनिकेत वर्मा उर्फ किट्टू (23 वर्ष) पुत्र भरत सिंह, निवासी 41/21 नैशविला रोड, बकरालवाला, कोतवाली नगर देहरादून के निवास पर पहुंची। इसी दौरान घर के अंदर अभियुक्त के माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब अभियुक्त ने गुस्से में आकर अपने पिता को एक कमरे में बंद कर दिया और मारपीट करने की स्थिति में आ गया। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते हस्तक्षेप किया और अभियुक्त को काबू में लेकर बड़ी अनहोनी होने से रोक लिया। उस वक्त अभियुक्त के पिता की आंखों में डर और असहायता का भाव हर किसी को झकझोर देने वाला था।
पुलिस द्वारा वारंटी अभियुक्त को सुरक्षित रूप से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम :
1. उ0नि0 कृष्ण कुमार सिंह – कोतवाली डालनवाला, जनपद देहरादून
2. हे0का0 323 ना0पु0 मनोज कुमार – कोतवाली डालनवाला, देहरादून
डालनवाला पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से न केवल न्यायालय के आदेश की तामील हुई, बल्कि एक संभावित पारिवारिक हिंसा की घटना को भी समय रहते टाल दिया गया।



