उत्तराखंड

10 दिन बाद फिर भड़का BAMS छात्रों का गुस्सा, आयुर्वेद यूनिवर्सिटी की टंकी पर चढ़े 4 छात्र

Listen to this article

डोईवाला: उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय देहरादून के हर्रावाला परिसर में गुरुवार को एक बार फिर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। परीक्षाएं समय पर नहीं कराए जाने और लंबित परीक्षाओं के रिजल्ट जारी नहीं होने का आरोप लगाते हुए चार छात्र विश्वविद्यालय परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए। इनमें दो छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं। छात्र अपनी मांगें पूरी होने तक टंकी से नीचे नहीं उतरने की बात कह रहे हैं।

बुधवार रात से ही सैकड़ों बीएएमएस छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। गुरुवार सुबह तक छात्रों का आक्रोश बढ़ गया और चार छात्र विरोध जताने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए। इसके बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर डोईवाला कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं कराई जा रही हैं। वहीं, जिन परीक्षाओं का आयोजन हो चुका है, उनका रिजल्ट भी कई महीनों से लंबित है। छात्रों का कहना है कि इससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

छात्रों के मुताबिक, उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कई बार लिखित शिकायत की थी। करीब 10 दिन पहले भी इसी मुद्दे को लेकर छात्रों ने विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया था और कुछ छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। उस समय काफी हंगामे के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने 10 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बाद रात करीब एक बजे छात्रों को टंकी से नीचे उतारा गया था।

छात्रों का कहना है कि 10 दिन बीत जाने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर उन्होंने दोबारा आंदोलन शुरू किया और चार छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए।

इस मामले को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। छात्रों के समर्थन में कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन और सरकार के अधिकारी छात्रों को परेशान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह छात्रों के हित में देर रात मुख्यमंत्री आवास भी गए थे।

छात्र अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन की ओर से टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!