
देहरादून
मौसम विभाग द्वारा जारी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 9 जुलाई (गुरुवार) को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से प्राप्त ताजा मौसम पूर्वानुमान में 9 जुलाई को देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचाव के लिए यह एहतियाती निर्णय लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



