उत्तराखंड

BJP की नई टीम में उत्तराखंड के चार बड़े चेहरे, तीरथ रावत-बलूनी समेत इन्हें मिली जगह

Listen to this article

देहरादून। विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। नितिन नवीन की अगुवाई में घोषित 65 सदस्यीय टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में आठ राष्ट्रीय महासचिव, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं। उत्तराखंड से भी चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।

भाजपा की नई टीम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक और आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह संयोजक नियुक्त किया गया है।

नई टीम में कई वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। वहीं बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर बने रहेंगे।

भाजपा ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के अलावा राम माधव, डी. पुरंदेश्वरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, बैजयंत पांडा और रेखा वर्मा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर बरकरार रखा गया है।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, संदीप पाठक और मनोज तिग्गा समेत कई नए चेहरों को जगह दी गई है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह मिलने को राज्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनावों से पहले संगठन में इन नेताओं की नई जिम्मेदारियां पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!