उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, गंगोत्री-बदरीनाथ-केदारनाथ में बर्फबारी; मसूरी में बढ़ी ठिठुरन

Listen to this article

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज से ठंड बढ़ने लगी है। गोमुख ट्रैक और गंगोत्री के आसपास के क्षेत्रों में तेज बर्फबारी हुई है। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी गुरुवार सुबह बर्फबारी से चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। मसूरी में बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है।

गंगोत्री से गोमुख तक बर्फबारी के चलते पहाड़ों की वादियां सफेद चादर से ढक गई हैं। बर्फबारी से क्षेत्र का प्राकृतिक नजारा और भी खूबसूरत हो गया है। गंगोत्री मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी बर्फबारी के बीच नजर आए। हालांकि, मौसम में आए बदलाव के कारण ठंड का असर बढ़ गया है।

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी से मौसम सर्द हो गया है। बर्फ से ढके धाम का अद्भुत नजारा देखकर श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु इस खूबसूरत दृश्य को कैमरे में कैद करते दिखे, तो कुछ ने सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को संजोया। बर्फबारी के साथ ही धाम में ठंड भी बढ़ गई है।

मसूरी में बारिश से बढ़ी ठिठुरन, पर्यटकों की आवाजाही प्रभावित

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार सुबह से बारिश होने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। लगातार बारिश से शहर में ठंड बढ़ गई है। मौसम में बदलाव का असर सड़कों पर आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों पर भी दिखाई दिया। आमतौर पर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाले शहर में बारिश के चलते रौनक कम नजर आई।

बारिश और ठंड के कारण स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी बाहर निकलने से बचते दिखाई दिए। मसूरी घूमने पहुंचे कई पर्यटक मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे।

नौ जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। इसके अलावा दस जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!