उत्तराखंड

देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर, लूट के विरोध पर बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की हत्या

Listen to this article

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसे एक आरोपी ने लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को पड़ोसियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे आरोपी दाखिल हुआ। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय नौकरानी शीला घर में मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। विरोध करने पर आरोपी ने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं।

रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर नौकरानी शीला मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद उसने बुजुर्ग रमेश कपूर पर भी हमला किया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी भारती भंडारी समेत आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देखकर आरोपी भागने लगा और पेचकस दिखाकर उन्हें डराने का प्रयास किया। इसी दौरान पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पहले लोगों ने आरोपी की पिटाई की और इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन करीब 10 मिनट इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस लूट के अलावा वारदात के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!