
देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में पुलिस ने चर्चित कंटेंट क्रिएटर एवं यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवक आपस में लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस के मुताबिक, घटना 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। कंट्रोल रूम के माध्यम से नेहरू कॉलोनी पुलिस को नेक्सा शोरूम के पास युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल और उसके साथी राज सिंह चौहान नामक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे।
चौकी पर भी दोबारा झगड़ने का प्रयास
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर बाईपास चौकी लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, चौकी पर दोनों पक्षों से बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान दोबारा राज सिंह चौहान के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।
पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि चारों लोग उग्र होकर दूसरे पक्ष से दोबारा झगड़ने का प्रयास करने लगे। इस दौरान चौकी पर काफी भीड़ भी एकत्रित हो गई।
धारा 170 BNSS के तहत हिरासत
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चारों व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत नियमानुसार हिरासत में लिया।
मारपीट में घायल बताए जा रहे राज सिंह चौहान को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा।
पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, राज सिंह चौहान की ओर से घटना के संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में पुलिस की ओर से अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
चारों हिरासत में लिए गए व्यक्तियों का विवरण
- अनुराग डोभाल (29) — पुत्र जगदंबा डोभाल, निवासी मोना शेट्टी होम, O टावर, फ्लैट नंबर 201, खरड़, चंडीगढ़।
- अभिषेक (22) — पुत्र सतीश कुमार, निवासी घाट खेड़ा, थाना रामपुर मनिहारन, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
- अभय चौधरी (23) — पुत्र संजीव कुमार, निवासी बहादारपुर जट, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार।
- कुर्बान (23) — पुत्र शराफत, निवासी गढ़ी बेसक, थाना सनोली, जिला पानीपत, हरियाणा।
इन पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा
पूरे मामले में चौकी प्रभारी बाईपास उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और PRD प्रमोद की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।



