उत्तराखंड

हरिद्वार में डबल मर्डर से सनसनी: पथरेश्वर महादेव मंदिर के दो साधुओं की हत्या, जंगल में गड्ढे से मिले शव

Listen to this article

लक्सर/हरिद्वार: हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में रहने वाले दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों साधुओं के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दबाए गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

पुलिस के अनुसार, मंदिर के एक सेवादार ने दो साधुओं के लापता होने और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सूचना दी थी। इसके बाद पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच की प्रगति का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि साधुओं की हत्या कर शवों को गड्ढे में दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!