देहरादून–मसूरी मार्ग पर संकट, सड़क धंसने के बाद प्रशासन ने बंद किया हाईवे, प्रशासन करेगा सेफ्टी सर्वे

देहरादून: लगातार हो रही भारी बारिश के चलते देहरादून–मसूरी हाईवे कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क धंसने और भूस्खलन के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन मार्ग को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। अगले आदेश तक इस मार्ग से मसूरी जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बारिश के कारण हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क धंस गई है, जबकि कुछ जगहों पर पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके चलते मार्ग पर लंबा जाम लग गया और आने-जाने वाले वाहन घंटों तक फंसे रहे।
प्रशासन के अनुसार, देहरादून–मसूरी मार्ग पर चार से पांच ऐसे संवेदनशील स्थल हैं, जहां पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान सड़क को नुकसान पहुंचा था। इस बार भी वही स्थान सबसे अधिक जोखिम वाले बने हुए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल मार्ग को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
मसूरी के जॉइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि जिन स्थानों पर पिछले वर्ष बारिश के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, वे एक बार फिर संवेदनशील हो गए हैं। इन इलाकों में लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने मार्ग का विस्तृत सेफ्टी सर्वे कराने का भी निर्णय लिया है। जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करेगी और सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट तैयार करेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर सड़क की मरम्मत और मार्ग को दोबारा खोलने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल जहां मामूली क्षति हुई है, वहां मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन जिन स्थानों पर सड़क पूरी तरह धंस गई है, वहां तत्काल यातायात बहाल होने की संभावना कम है। ऐसे में हाईवे कब तक बंद रहेगा, इसका फैसला सेफ्टी सर्वे की रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।
गौरतलब है कि मानसून के दौरान भी बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंचते हैं। ऐसे में देहरादून–मसूरी मार्ग का बंद होना पर्यटन गतिविधियों पर भी असर डाल सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें।



