उत्तराखंड में भीषण बारिश-ओलावृष्टि का कहर, चारधाम यात्रा पर ओरेंज अलर्ट हुआ जारी
उत्तराखंड मौसम अपडेट:उत्तराखंड में मई के महीने में जहां आमतौर पर गर्मी का असर रहता है, वहीं इस बार मौसम ने अप्रत्याशित करवट ली है। रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। देहरादून जिले के त्यूणी गांव में तेज आंधी के कारण कई घरों की छतें उड़ गईं।
मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 4 मई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में खराब मौसम की आशंका जताई गई है।
चारधाम यात्रा पर विशेष सतर्कता
चारधाम यात्रा को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम को देखते हुए हेली सेवाओं के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
विनोद कुमार सुमन, सचिव आपदा प्रबंधन ने सभी जिलाधिकारियों के साथ आपात बैठक कर निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही न बरती जाए। राज्य और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के आदेश दिए गए हैं।
टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। इसके मद्देनजर ऋषिकेश में एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है। गंगा घाटों और तटों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।
प्रदेशभर में सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं और आपदा से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।



