उत्तराखंड

रुड़की में नकली और बिना लेबल सॉस का भंडाफोड़, खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन

Listen to this article

रुड़की: कांवड़ मेले से ठीक पहले हरिद्वार जनपद के रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी की।कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 8 कुंतल वेजिटेबल सॉस और बिना लेबल की 351 बोतलें बरामद कीं। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर मौके पर ही सॉस को नष्ट कर दिया गया और फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार बाजार में बिना लेबल वाले सॉस की बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और पवन कुमार की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक फैक्ट्री में छापेमारी की।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सॉस की 351 बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई (FSSAI) लाइसेंस नंबर और सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) जैसी अनिवार्य जानकारियां अंकित नहीं थीं। इसके बाद सभी बिना लेबल वाली बोतलों को जब्त कर नष्ट कर दिया गया।

 

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि फैक्ट्री में सॉस का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। मशीनों, दीवारों और फर्श पर भारी गंदगी पाई गई। मौके से वेजिटेबल सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

 

जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र, सॉस की पैकिंग में उपयोग की गई प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। इन अनियमितताओं के चलते लगभग 8 कुंतल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत ₹32,000 बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री के गेट पर नोटिस चस्पा करते हुए निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!