मदरसों में फर्जी नामांकन के बाद शिक्षा विभाग सख्त, पांच जिलों के स्कूलों में मिड डे मील और छात्र संख्या की होगी जांच

हरिद्वार: हरिद्वार के मदरसों में हजारों फर्जी नामांकन सामने आने के बाद उत्तराखंड सरकार ने सरकारी स्कूलों और मदरसों में मिड डे मील योजना की व्यापक जांच कराने का फैसला किया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर शिक्षा विभाग पांच जिलों में छात्र संख्या और मिड डे मील वितरण की विशेष जांच करेगा।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के मदरसों में हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा की गई जांच में 12,289 छात्रों का नामांकन फर्जी पाया गया। जांच में सामने आया कि मार्च 2026 में मदरसों के रिकॉर्ड में 31,780 छात्रों का नामांकन दर्ज था, जबकि अप्रैल 2026 में सत्यापन के बाद यह संख्या घटकर 19,491 रह गई।
पांच जिलों में होगी विशेष जांच
फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद अब हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून के मैदानी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के साथ-साथ पौड़ी जिले के कोटद्वार तथा नैनीताल जिले के हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र में भी छात्र संख्या और मिड डे मील की जांच कराई जाएगी।
जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि स्कूलों और मदरसों में वास्तविक छात्र संख्या कितनी है तथा उसी अनुपात में मिड डे मील तैयार और वितरित किया जा रहा है या नहीं। यह जांच शिक्षा महानिदेशालय, पीएम पोषण कार्यालय और संबंधित मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) की निगरानी में होगी।
सरकारी धन की होगी वसूली
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिन मदरसों में वास्तविक छात्र संख्या और मिड डे मील के रिकॉर्ड में अंतर पाया गया है, उनसे सरकारी धनराशि की वसूली की जाएगी। साथ ही अन्य जिलों के मदरसों की भी जांच जारी है।
लाखों बच्चों को मिल रहा योजना का लाभ
प्रदेश में प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जाता है। वर्ष 2025-26 में प्राथमिक स्तर पर 3,15,579 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 2,41,620 विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ मिला है। कुल मिलाकर 5,57,199 छात्र-छात्राएं योजना से लाभान्वित हुए हैं।
शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती ने बताया कि जिन जिलों में जांच की जा रही है, वहां स्कूलों और मदरसों में वास्तविक छात्र संख्या और मिड डे मील वितरण का मिलान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



