उत्तराखंड

कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार-बिजनौर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई अहम बैठक

Listen to this article

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित पिनाका होटल में हरिद्वार पुलिस और उत्तर प्रदेश के बिजनौर पुलिस अधिकारियों के बीच अंतर्राज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

चार करोड़ से अधिक कांवड़ियों के आने का अनुमान

पुलिस के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।

ट्रैफिक, डीजे और भीड़ प्रबंधन पर हुई चर्चा

बैठक में भारी वाहनों की आवाजाही, डीजे संचालन के दिशा-निर्देश, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात, प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स, बॉर्डर चेकिंग और किसी भी आपात स्थिति में वायरलेस संचार के माध्यम से त्वरित समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

यात्रा मार्ग का किया संयुक्त निरीक्षण

बैठक के बाद हरिद्वार और बिजनौर पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग, हाईवे और अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

हरिद्वार पुलिस ने जताई तैयारी

एसपी सिटी अभय सिंह ने कहा कि हरिद्वार पुलिस कांवड़ मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इस बार भी मेले का सफल संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में मौजूद रहे ये अधिकारी

बैठक में एसपी ट्रैफिक हरिद्वार निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, बिजनौर के अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय, सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी, सीओ नजीबाबाद आकांक्षा गौतम, सीओ ट्रैफिक भूपेंद्र सिंह, श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा सहित दोनों जनपदों के कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के समापन पर हरिद्वार पुलिस ने बिजनौर से आए अधिकारियों को गंगाजल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!