
देहरादून
राजधानी देहरादून में बढ़ते अपराध, वीकेंड ट्रैफिक दबाव और चारधाम यात्रा को लेकर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने वीकेंड पर बढ़ते पर्यटक दबाव को देखते हुए आशारोड़ी से मसूरी तक के पूरे रूट को सेक्टरों में विभाजित कर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रोन के जरिए ट्रैफिक की निगरानी की जाएगी और मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए नए स्थान चिन्हित करने को भी कहा गया।
ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्ती
एसएसपी ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सत्यापन अभियान तेज करने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रात में संदिग्ध रूप से घूमने वालों से पूछताछ और नियम तोड़ने वालों पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस
गंभीर अपराधों को लेकर एसएसपी ने साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने साक्ष्य जुटाने से लेकर समय पर चार्जशीट दाखिल करने और न्यायालय में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इनामी अपराधियों पर शिकंजा
वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया।
लापरवाह अफसरों को चेतावनी
लंबित विवेचनाओं को लेकर एसएसपी ने नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी करने वाले विवेचकों और थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी के निर्देश
शस्त्र अधिनियम, जुआ अधिनियम समेत अन्य मामलों में की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने आदतन अपराधियों के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ढिलाई बरतने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।



