नितिन नबीन के स्वागत के साथ शुरू हुआ ‘सेव फ्यूल, सेव नेशन’ अभियान, कैंट विधानसभा में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के देहरादून आगमन पर कैंट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में “सेव फ्यूल, सेव नेशन” अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से की गई। इस दौरान रोड शो के बीच उन्होंने स्वयं वाहन रोककर अभियान में सहभागिता की और इसे राष्ट्रहित तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा प्रेरणादायक प्रयास बताया।
कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने अभियान को विशेष पहचान दिलाई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया और ईंधन संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली।
भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि “सेव फ्यूल, सेव नेशन” केवल ईंधन बचाने का अभियान नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देंगे तथा लोगों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि यह पहल समाज में ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



