देहरादून में मोबाइल स्नेचिंग गैंग का खुलासा, नशेड़ियों को बनाते थे निशाना; दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले कथित ऑटो गैंग का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद भी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए खासतौर पर नशेड़ी लोगों को अपना निशाना बनाते थे। आरोपियों के कब्जे से दो स्मार्ट फोन, एक धारदार खुखरी और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को नेहरू कॉलोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपी रूप नगर रेलवे पटरी के पास खाली मैदान में अपने ऑटो के साथ खड़े हैं और दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही ऑटो में बैठे दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक धारदार खुखरी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि दोनों मोबाइल फोन उन्होंने आनंदग्राम और रिस्पना पुल के पास दो नशेड़ी व्यक्तियों से खुखरी दिखाकर डराते-धमकाते हुए छीने थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशेड़ी लोगों को ही अपना शिकार बनाते थे और खुखरी दिखाकर उनसे मोबाइल फोन और पैसे छीन लेते थे।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुद भी नशे का आदी होना बताया। पुलिस के अनुसार, नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए दोनों मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक यादव (23), निवासी पंचायती शिव मंदिर के पास, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी और सुनील उर्फ चक्की (22), निवासी मंगल बस्ती, लोअर राजीव नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में छीने गए दो स्मार्ट फोन और एक खुखरी बरामद की है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ऑटो संख्या UK-07-TE-4872 को भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में मु.अ.सं. 378/2026, धारा 304(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, अवैध खुखरी बरामद होने के मामले में मु.अ.सं. 381/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र बडोनी, चौकी प्रभारी जोगीवाला, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल मोहित शर्मा शामिल रहे।



