उत्तराखंड

भीषण गर्मी से तप रहा उत्तराखंड, दून में फिर 40 पार पारा, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार

Listen to this article

उत्तराखंड मौसम: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और हल्द्वानी में तेज धूप और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दो दिन की मामूली राहत के बाद रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान फिर से सामान्य से पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते छह दिनों में यह तीसरी बार है जब दून का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचा है।

मौसम विभाग ने सोमवार को मैदानी क्षेत्रों में भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, प्रदेश के मैदानी इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी जारी रहेगी, जबकि पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही चार हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी भी जारी की गई है।

एक ओर जहां पहाड़ी जिलों में मौसम करवट ले सकता है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं और उमस से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, हरिद्वार और आसपास के इलाकों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।

विभाग का कहना है कि 26 और 27 मई को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। वहीं 28 मई से 30 मई तक पहाड़ी जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

हालांकि 30 मई को देहरादून और कुछ मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!