उत्तराखंड

पीपलकोटी टीएचडीसी टनल हादसा: CM धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा

Listen to this article

चमोली: पीपलकोटी के मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों से बातचीत कर अब तक की कार्रवाई और सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बचाव अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी भर गया था। हादसे के समय टनल के भीतर 22 मजदूर मौजूद थे।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि अब तक 22 में से 19 लोगों को टनल से बाहर निकाला जा चुका है। हादसे में सात लोगों की मौत की सूचना है, जबकि तीन लोग अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं। लापता मजदूरों की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य बचाव दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टनल में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं।

रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीमें घायलों के उपचार और उनकी लगातार निगरानी में जुटी हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू अभियान के साथ घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित मजदूरों के परिजनों की सहायता में भी किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बचाव अभियान को पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ जारी रखने को कहा।

इस दौरान काबीना मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री हरक सिंह, पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र भंडारी समेत आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!