उत्तराखंड

प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर देहरादून में बड़ा अभियान, 50 सेक्टर अधिकारी संभालेंगे 100 वार्डों की कमान

Listen to this article

देहरादून: सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाने और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देहरादून प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। नैनीताल हाईकोर्ट और आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के सभी 100 वार्डों में निगरानी के लिए 50 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक से बने प्रतिबंधित उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक का निर्माण करने वाले उद्योगों और फैक्ट्रियों का भी विशेष निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर अधिकारी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।

हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत संयुक्त आयुक्त (विवेचना/प्रवर्तन), राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नोडल अधिकारी नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत और जिला पंचायत समेत संबंधित निकायों के साथ समन्वय स्थापित कर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएंगे।

नगर निगम देहरादून के सभी वार्डों में नियमित निगरानी के लिए निगम स्तर से भी अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी और सेलाकुई क्षेत्र में संबंधित नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में नगर आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है। यहां प्लास्टिक प्रतिबंध के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान के दौरान सफाई से पहले और बाद की स्थिति के गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करानी होगी।

प्रशासन ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के नगरीय निकायों में प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से पुलिस क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अभियान में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश देने को कहा गया है। पुलिस विभाग की ओर से भी नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर प्लास्टिक के उपयोग पर रोक और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी अभियान में सहयोग करेंगे।

सेक्टर अधिकारियों को अपने आवंटित वार्डों का नियमित भ्रमण कर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई कार्रवाई की गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। स्वच्छता अभियान के दौरान कूड़ा और गंदगी वाले स्थानों की सफाई कराकर प्रतिदिन सफाई से पहले और बाद के फोटो भी उपलब्ध कराने होंगे।

प्रशासन ने सभी नोडल, सह-नोडल और सेक्टर अधिकारियों को प्रतिदिन जनजागरूकता और व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!