उत्तराखंड

रुद्रपुर में रफ्तार का कहर: डंपर से कुचलकर युवक की मौत, आरोपी चालक की तलाश जारी

Listen to this article

रुद्रपुर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित व्यस्त गल्ला मंडी चौक पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने सड़क किनारे खड़े युवक को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

 

गल्ला मंडी चौक पर मचा हड़कंप

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। युवक गल्ला मंडी की ओर से प्रसाद लेकर चौराहे की तरफ आ रहा था और सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान काशीपुर की ओर से आ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि चालक ने सामने चल रहे वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और डंपर सीधे युवक को टक्कर मारते हुए उसके ऊपर से गुजर गया।

 

हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

सूचना मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

मृतक की पहचान का प्रयास जारी

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह रम्पुरा क्षेत्र का निवासी है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतक की शिनाख्त और उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास कर रही है।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

 

हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!