सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प, मारपीट के बाद बदरीनाथ हाईवे पर लगा जाम

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहा था। इसी दौरान कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों के साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की घटना हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान तलवारबाजी की भी सूचना है। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। जाम के कारण यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर वाहनों को रोकना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
कर्णप्रयाग के क्षेत्राधिकारी (सीओ) त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। उनके अनुसार, विवाद के दौरान एक सिख श्रद्धालु द्वारा तलवार से हमला किए जाने की घटना सामने आई है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए यातायात बाधित कर दिया।
उन्होंने कहा कि मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौजूद हैं तथा स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही यातायात को पूरी तरह सुचारु कर दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



