उत्तराखंडदेहरादून

शराब पिलाकर तकिये से दबाया मुंह, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश

Listen to this article

देहरादून। अजय बटेजा हत्याकांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी जैकी उर्फ राजन ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश के तहत अजय बटेजा की हत्या की और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले अजय बटेजा के घर पहुंचा और उसके साथी नीरज को बहाने से घर के बाहर बुलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद आरोपी घर के अंदर गया, जहां हुमेरा उर्फ जोया की मदद से अजय बटेजा को जानबूझकर अत्यधिक शराब पिलाई गई। जब अजय नशे की हालत में हो गया तो आरोपी ने तकिये से उसका मुंह दबा दिया। अधिक नशे में होने के कारण अजय विरोध भी नहीं कर सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को पंखे से लटकाकर घटना को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो पाया। इसी दौरान उसकी नजर कमरे के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे पर पड़ी। पकड़े जाने के डर से आरोपी कैमरे की डीवीआर निकालकर अपने साथ ले गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ ऑटो से आईएसबीटी पहुंचा और वहां से बस के जरिए सहारनपुर फरार हो गया।

पुलिस ने मामले में सहारनपुर निवासी जैकी उर्फ राजन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर उत्तर प्रदेश के शामली, सहारनपुर समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर और शस्त्र अधिनियम सहित करीब दो दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैकी उर्फ राजन पुत्र शिवलाल निवासी ग्राम उमाही कला, थाना रामपुर मनिहारान, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। वहीं मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गैंगस्टर अधिनियम, लूट, रंगदारी, अवैध वसूली, हत्या के प्रयास और गुंडा एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में उसकी करीब 85 लाख रुपये की अवैध संपत्ति भी कुर्क की जा चुकी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!