
देहरादून
जनपद में यातायात सुधार के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने गुरुवार को शहर के व्यस्ततम मार्गों और चौराहों का स्थलीय निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी डोबाल ने रिस्पना चौक, कारगी चौक तथा आईएसबीटी देहरादून क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को यातायात के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिस्पना चौक पर डिवाइडर पीछे करने के निर्देश
रिस्पना चौक के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पाया कि रिस्पना पुल पर बने ऑटो स्टैंड और उसके सामने स्थित डिवाइडर के कारण यातायात का दबाव बढ़ रहा है। इस पर संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करते हुए डिवाइडर को थोड़ा पीछे करने के निर्देश दिए गए, जिससे मार्ग चौड़ा हो सके और जाम की स्थिति में राहत मिल सके।
आईएसबीटी क्षेत्र में सख्ती
आईएसबीटी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े कराए जाएं। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से टो करने तथा सड़क पर सवारियां चढ़ाने-उतारने वाले बसों और अन्य सवारी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
साथ ही, आईएसबीटी चौकी के बाहर खड़े सीज वाहनों को अन्यत्र स्थानांतरित करने हेतु स्थान चिन्हित कर उन्हें शीघ्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवागमन में बाधा न उत्पन्न हो।
चौकी में शिकायतकर्ताओं से संवाद
आईएसबीटी चौकी में निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने वहां उपस्थित शिकायतकर्ताओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
कारगी चौक पर भी सुधार के निर्देश
कारगी चौक के निरीक्षण के दौरान चौक पर बने पुलिस बूथ को थोड़ा पीछे करने तथा चौक और उसके आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न होने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही आईएसबीटी व आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार , क्षेत्राधिकारी यातायात जगदीश चंद्र पंत , संबंधित थाना प्रभारी एवं यातायात निरीक्षक मौजूद रहे।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



