उत्तराखंड

देहरादून में उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और FIR, महिला ने लगाया धमकी और आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

Listen to this article

देहरादून: सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून की कोतवाली पटेल नगर में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उर्मिला सनावर ने उसके और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। साथ ही महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायत में परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, देवऋषि एनक्लेव, देहरखास निवासी महिला ने 12 सितंबर को कोतवाली पटेल नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 10 सितंबर को अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर महिला की मुख्यमंत्री के साथ वाली प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि इसके साथ ही उर्मिला ने फेसबुक के माध्यम से महिला का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया और आपत्तिजनक टिप्पणी की।

शिकायत के अनुसार, महिला द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उर्मिला की ओर से कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। इसके बाद एक दूसरी फेसबुक आईडी से महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानसिक आघात पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई।

महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि उनकी एक मित्र को फोन कर उन्हें और उनके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली पटेल नगर प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि उर्मिला सनावर के खिलाफ यह छठा मुकदमा है। इससे पहले देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में दो, डालनवाला में एक तथा हरिद्वार जिले के बहादराबाद और ज्वालापुर में एक-एक मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है।

हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मुकदमा दर्ज होना अपने आप में आरोपों का दोष सिद्ध होना नहीं है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!