Breakingउत्तराखंडकुमाऊँक्राइमगढ़वालदिल्लीदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटन
Trending

न्यू ईयर सेलिब्रेशन में न हो कोई चूक: होटल व क्लब संचालकों को SSP अजय सिंह के कड़े निर्देश

Listen to this article

नव वर्ष 2026 के आगमन और उसकी पूर्व संध्या को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से दून पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अजय सिंह की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में जनपद के सभी होटल संचालकों, कार्यक्रम आयोजकों और प्रतिष्ठान स्वामियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी के दौरान नव वर्ष एवं न्यू ईयर ईव पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और फायर सेफ्टी मानकों पर विस्तृत चर्चा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आयोजन से पूर्व फायर सेफ्टी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा अग्नि सुरक्षा उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए।

इसके साथ ही निर्धारित समय सीमा के बाद लाउड म्यूजिक न बजाने, सीसीटीवी कैमरों को चालू अवस्था में रखने, संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को देने और अवैध गतिविधियों व हुड़दंग पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। होटल व क्लबों में आने वाले वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था तथा पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विदेशी नागरिकों के ठहराव से संबंधित अभिलेखों को अद्यतन रखने और आवश्यक सूचनाएं स्थानीय अभिसूचना इकाई को देने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत स्टाफ को पर्यटकों व आगंतुकों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार रखने की हिदायत दी गई।

दून पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नव वर्ष का स्वागत पूरे उत्साह और खुशी के साथ करें, लेकिन शराब पीकर वाहन न चलाएं और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग से बचें। पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Faizan Khan Faizy Editorial Advisor

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!