उत्तराखंड

मसूरी-झड़ीपानी मार्ग पर बड़ा हादसा, गहरी खाई में गिरी कार; कार सवार चार लोगों की मौत

Listen to this article

मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

 

जानकारी के अनुसार, 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 9:16 बजे थाना मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि कार चालक ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। सामान लेने के बाद जैसे ही सभी लोग कार में बैठे, वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ने लगा और नियंत्रण खोने के बाद खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में जा गिरा।

 

पुलिस के अनुसार, कार में चार लोग सवार थे। मृतकों की पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है।

 

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई अत्यंत दुर्गम और झाड़ियों से घिरी होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी है।

 

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तेज ढलान पर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून और थाना मसूरी की टीम मौजूद रही।

 

पुलिस ने घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी है। परिजन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!