उत्तराखंड

50 लाख का आंकड़ा पार कर चारधाम यात्रा ने रचा इतिहास, दूसरे चरण पर नजर

Listen to this article

यात्रा अपडेट: चारधाम यात्रा नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है। इससे पहले ही चारधाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। सरकार को उम्मीद है कि यात्रा समाप्त होने तक यह संख्या 60 लाख तक पहुंच सकती है। हालांकि, दूसरे चरण में यात्रा मार्गों पर मौजूद भूस्खलन जोन चुनौती बने रहेंगे।

19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा का आगाज हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद यात्रा पूर्ण रूप से संचालित हुई। मानसून सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी जरूर आई, लेकिन यात्रा निर्बाध रूप से चलती रही।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 10 सितंबर तक चारधाम यात्रा में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक हो चुकी है। यात्रा नवंबर तक चलने वाली है। ऐसे में सरकार को उम्मीद है कि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 60 लाख तक पहुंच सकती है। पिछले वर्ष पूरे यात्रा काल में करीब 51 लाख श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे।

वहीं, यात्रा के दूसरे चरण में भूस्खलन जोन प्रशासन और यात्रियों के लिए चुनौती बन सकते हैं। ऋषिकेश से बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले मार्गों पर कई स्थान भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हैं। बदरीनाथ मार्ग पर कमेड़ा, पर्थाटीप, मैठाणा, बांजपुर, विरही, भनेरपानी और हाथी पहाड़ में भूस्खलन की चुनौती बनी हुई है।

यात्रा के दूसरे चरण को देखते हुए सरकार की ओर से इन स्थानों पर मलबा हटाने के साथ अस्थायी कार्य शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, दीर्घकालीन कार्यों को पूरा होने में समय लगेगा। 15 सितंबर के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या चुनौती बन सकती है।

लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडे ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह बहाल रखा जाएगा। जिन स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है, वहां काम शुरू कर दिया गया है। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!