देहरादून
आईएसबीटी के निकट लगने वाला संडे मार्केट अब आम जनता के लिए सुविधा नहीं बल्कि स्थायी जाम और अव्यवस्था का कारण बनता जा रहा है। खासतौर पर एमडीडीए कॉलोनी के निवासियों को हर रविवार गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संडे मार्केट के चलते आईएसबीटी क्षेत्र में सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। संकरी सड़कों पर ठेले, अस्थायी दुकानें और बेतरतीब पार्किंग ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
एमडीडीए कॉलोनी के लोगों का आरोप है कि बिना वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान और स्थानीय जनसुनवाई के संडे मार्केट को यहां अनुमति देना प्रशासन का एकतरफा और गलत फैसला है। जाम के कारण न सिर्फ समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।
निवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि संडे मार्केट को किसी खुले और उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट किया जाए या फिर यातायात और पार्किंग की व्यवस्थित योजना तुरंत लागू की जाए।
यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो एमडीडीए कॉलोनी के निवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक आंखें मूंदे रहता है।



