
देहरादून, 14 अप्रैल 2026। उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन (UTTA) के कुछ खिलाड़ियों और अभिभावकों ने टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) को शिकायती पत्र भेजकर राज्य एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष और सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में दावा किया गया है कि सीमांत पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में छलका खिलाड़ियों का दर्द
शिकायतकर्ताओं ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि एसोसिएशन के पदाधिकारी बड़े शहरों की महंगी अकादमियों और अपने परिचितों के हित में काम कर रहे हैं, जबकि दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही, मनमाने ढंग से परिचितों को पदाधिकारी और सदस्य बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया।
आरोप है कि ग्रामीण खिलाड़ियों को धमकाया जाता है, मैचों में गलत ड्रॉ कराकर आपसी मुकाबले करवाए जाते हैं और अंपायरों द्वारा परेशान किया जाता है। एडिशनल एंट्री के नाम पर खिलाड़ियों के शोषण का भी आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इसी कारण राज्य की टीमें सीनियर नेशनल स्तर पर पहले चरण में ही बाहर हो रही हैं और प्रदेश में टेबल टेनिस की स्थिति खराब हो रही है।
प्रतियोगिताओं की तिथियों में टकराव का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की तिथियों में टकराव किया जा रहा है। दिल्ली में School Games Federation of India द्वारा 16 से 22 अप्रैल के बीच 69वें नेशनल स्कूल गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि इसी अवधि में UTTA द्वारा यूटीटी इंटर स्टेट जूनियर और यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 15 से 23 अप्रैल तक आयोजित की जा रही है। तिथियां समान होने से खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बन रहा है और वास्तविक प्रतिभाओं को अवसर नहीं मिल पा रहा है।
TTFI से की तीन प्रमुख मांगें
शिकायतकर्ताओं ने TTFI से निम्न मांगें की हैं:
उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन को भंग किया जाए।
अध्यक्ष और सचिव को पद से हटाया जाए।
निष्पक्ष और खेल हितैषी व्यक्तियों के साथ नई राज्य एसोसिएशन का गठन किया जाए।
पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो खिलाड़ी और अभिभावक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन या न्यायालय का रुख करेंगे। इस मामले में TTFI की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
प्रेस वार्ता में कोच विजय कुमार, अभिभावक पुष्पा देवी, रविंद्री देवी सहित कई अन्य मौजूद रहे।


