फर्जी फॉर्म-7 से वोट काटने का आरोप, SIR को लेकर कांग्रेस पहुंची पुलिस के पास

रुड़की: हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन, नगर पालिका मंगलौर अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी और रुड़की महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता एसपी देहात कार्यालय पहुंचे। उन्होंने SIR प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर फर्जी तरीके से आपत्तियां दर्ज किए जाने की शिकायत की।
कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के दौरान गलत तरीके से फॉर्म-7 जमा कराए जा रहे हैं। कई मामलों में जिन मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं, उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं है। उन्होंने इसे नियमों और कानून का उल्लंघन बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस मामले में जावेद नाम के शिकायतकर्ता ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को लिखित तहरीर देकर पूरे प्रकरण की जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि विधायक काजी निजामुद्दीन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शिकायतकर्ता की ओर से शिकायती पत्र दिया गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारी को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि चुनाव आयोग को SIR प्रक्रिया में पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसी भी तरह के दबाव में आए बिना मामले की जांच की जाए और यदि फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।
SIR प्रक्रिया को लेकर यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब एक दिन पहले ही हरिद्वार में कांग्रेस के कई विधायक और कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। वहां कांग्रेस नेताओं ने फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप लगाया था।
कांग्रेस नेताओं ने राजनीतिक लाभ के लिए मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश का आरोप लगाया था। साथ ही भाजपा से जुड़े लोगों पर भी वोट कटवाने की कथित साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए गए थे। अब मंगलौर में मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद SIR प्रक्रिया को लेकर सियासी घमासान और तेज हो गया है।



