तमक नाले की तबाही में लापता कर्मचारी की तलाश जारी, दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

चमोली: नीती घाटी के तमक नाले में भारी बारिश के बाद आए उफान में बहे कर्मचारी का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद चमोली पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से तमक क्षेत्र में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी सहयोग कर रहे हैं।
सोमवार को भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया था। तेज बहाव की चपेट में आने से एक कर्मचारी के बहने की सूचना मिली थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पानी कम हुआ तो सामने आया तबाही का मंजर
मंगलवार को नाले में पानी का बहाव सामान्य होने के बाद घटनास्थल पर आपदा से हुई तबाही का मंजर साफ दिखाई दिया। पूरे इलाके में बड़ी मात्रा में मलबा जमा है। मलबे में GRIF के वाहन भी दबे हुए मिले हैं। आसपास चारों तरफ पत्थर और मलबा नजर आ रहा है।
सर्च अभियान के दौरान राहत एवं बचाव टीमें संभावित स्थानों पर कर्मचारी की तलाश कर रही हैं। भारी मलबे और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं।
चमोली में बारिश का दौर जारी
इधर, चमोली जिले में सोमवार से बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि मंगलवार को बारिश हल्की रही, लेकिन लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक नाले-गदेरों के उफान पर आने का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन और राहत-बचाव एजेंसियां तमक क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लापता कर्मचारी की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।



