उत्तराखंड में फिर बदला मौसम, पांच दिन बारिश के आसार; 4200 मीटर से ऊपर बर्फबारी की संभावना
देहरादून। मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
बीते शनिवार को प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद अब पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव के आसार बने हैं। इसके प्रभाव से अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुककर हल्की वर्षा हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। इससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और अधिक ठंडा हो सकता है।



