उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड में हीटवेव का असर, बढ़ी तपिश, प्रशासन अलर्ट मोड में

Listen to this article

मौसम अपडेट। देश के अन्य हिस्सों की तरह उत्तराखंड में भी गर्मी ने तेजी पकड़ ली है। प्रदेशभर में तीखी धूप और तपती हवाओं से लोग परेशान हैं। मैदानी इलाकों के साथ अब पहाड़ों पर भी तपिश महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि देहरादून में कक्षा 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल माह में यह दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले वर्ष 2009 में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

रुड़की-हरिद्वार में पारा 41 पार

मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर और अधिक देखने को मिला। रुड़की और हरिद्वार में लगातार दूसरे दिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। दोपहर होते ही सड़कें सूनी नजर आईं और बाजारों में सन्नाटा छा गया। पंतनगर में भी तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ों पर भी बढ़ी तपिश

पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। मुक्तेश्वर में 28.5 डिग्री (सामान्य से 4.5 अधिक), टिहरी में 28.5 डिग्री और पिथौरागढ़ में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। नैनीताल में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। रुद्रपुर में तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हीटवेव अलर्ट, स्कूल बंद

देहरादून में सोमवार को हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। डीएम सविन बंसल ने कक्षा 12वीं तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही स्कूलों और अस्पतालों को बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मैदानों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश तथा 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!