उत्तराखंड

उत्तराखंड में तेज होगा बारिश का दौर, कई जिलों में होगी बरसात; पिथौरागढ़-बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट

Listen to this article

उत्तराखंड मौसम अपडेट: उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई तक अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं 29 और 30 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों और यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है।

 

मौसम विभाग के अनुसार 28 जून तक प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। 29 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश होने का अनुमान है, जबकि अन्य पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 30 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

 

देहरादून में दोपहर की गर्मी, शाम को राहत की बारिश

 

शुक्रवार को राजधानी देहरादून में मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन दोपहर बाद बंजारावाला, हरिद्वार बाईपास, लाडपुर और रायपुर रोड सहित कई इलाकों में तेज बारिश हुई। परेड ग्राउंड के आसपास हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। करीब आधे घंटे की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

 

मानसून से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में तीन महीने का राशन पहुंचा

 

मानसून के दौरान सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए खाद्य आपूर्ति विभाग ने नैनीताल जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में तीन महीने का राशन पहले ही पहुंचा दिया है। ओखलकांडा, सरना, बेतालघाट और मझेड़ा स्थित गोदामों में जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडारण कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के माध्यम से 1 जुलाई से तीन माह का राशन वितरित किया जाएगा।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!