उत्तराखंड

उत्तरकाशी में बारिश का कहर: सड़कें बंद, मरीजों को डंडी-कंडी से पहुंचाया अस्पताल, कई गांवों का संपर्क टूटा

Listen to this article

उत्तरकाशी: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने उत्तरकाशी जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भूस्खलन और मलबा आने से मोरी विकासखंड समेत कई इलाकों के संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। सड़कें बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी बीमारों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को हो रही है। कई गांवों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ रहा है।

 

बेहोश महिला को 5 किलोमीटर डंडी-कंडी से पहुंचाया सड़क तक

 

मोरी विकासखंड के रेक्चा गांव में सड़क बंद होने के कारण सपना नामक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने पर ग्रामीणों ने उन्हें करीब पांच किलोमीटर तक डंडी-कंडी में बैठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से हंस फाउंडेशन की एंबुलेंस के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत अब स्थिर है।

 

कलाप गांव में भू-धंसाव से बढ़ा खतरा

 

मोरी के दूरस्थ कलाप गांव में अतिवृष्टि के बाद भू-धंसाव और लगातार हो रहे भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। गांव को जोड़ने वाली सड़क और पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पिछले दस दिनों से बिजली और पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। बरसात के लिए जरूरी राशन भी गांव तक नहीं पहुंच पाया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

 

ग्राम प्रधान मनवीर सिंह राणा ने बताया कि कई मकानों के नीचे की जमीन धंस रही है और ऊपर से लगातार मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। पेयजल लाइन, पानी की टंकी और अन्य बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

 

पुलिया बहने से कई गांवों का संपर्क टूटा

 

सांकरी-ओसला मोटर मार्ग पर गियांगाड़ नाले का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों द्वारा बनाई गई अस्थायी पुलिया बह गई। इस दौरान ओसला निवासी खजान सिंह भी तेज बहाव में बह गए, लेकिन उन्होंने पेड़ की टहनी पकड़कर अपनी जान बचा ली। घायल अवस्था में उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पुरोला रेफर किया गया।

 

पुलिया बहने के बाद ओसला, गंगाड़, ढाटमीर और पवाणी सहित कई गांवों का संपर्क विकासखंड मुख्यालय से कट गया है। ग्रामीण मजबूरी में उफनाते नाले पर गिरे पेड़ के सहारे आवाजाही कर रहे हैं और जल्द वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

 

प्रशासन ने दिए मार्ग खोलने के निर्देश

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की टीमों को बंद ग्रामीण संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर मशीनों की मदद से मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!