
यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित होते ही हल्द्वानी शहर के विशाल सिंह भोजक ने पूरे उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर सबको चौंका दिया। उन्हें कुल 38,242 वोट मिले, जो उनकी युवाओं के बीच गहरी पैठ और लोकप्रियता का प्रमाण है।
परिणाम आने पर हल्द्वानी समेत कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में युवा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। समर्थकों ने इसे संगठन की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए जश्न मनाया। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह जीत 2027 विधानसभा चुनावों की दहलीज पर युवाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करती है।
विजेता विशाल सिंह भोजक ने कहा, “यह जीत सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं और युवा साथियों की साझा विजय है। हम संगठन को और मजबूत बनाएंगे तथा 2027 चुनावों में युवाओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करेंगे।” यूथ कांग्रेस के इस चुनाव ने साबित कर दिया कि भविष्य में संगठन की दिशा युवा नेतृत्व ही तय करेगा।



