उत्तराखंड

मौसम विभाग का अलर्ट: उत्तराखंड में तीन दिन भारी बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

Listen to this article

मौसम अपडेट: मौसम विभाग ने शनिवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार शनिवार को प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार तक पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

हरिद्वार में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 5 सितंबर, शनिवार को हरिद्वार जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 सितंबर को हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है। बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। इस दौरान हरिद्वार का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम

5 सितंबर, शनिवार: हरिद्वार, देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में हल्की बारिश हो सकती है।

6 सितंबर, रविवार: हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।

7 सितंबर, सोमवार: पौड़ी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!