उत्तराखंड

देहरादून में 5.47 लाख मतदाताओं को मिलेगा व्यक्तिगत नोटिस, विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर पहुंचेगी बीएलओ टीम

Listen to this article

देहरादून: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत देहरादून जिले में 5.47 लाख मतदाताओं को घर-घर जाकर व्यक्तिगत नोटिस दिए जाएंगे। यह नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए जा रहे हैं, जिनका विवरण वर्ष 2003 और 2026 की मतदाता सूची से मेल नहीं खाता या जिनकी जानकारी अपूर्ण पाई गई है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है।

 

जिलाधिकारी ने लिया अभियान का जायजा

 

मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अजबपुरकलां क्षेत्र पहुंचकर नोटिस वितरण अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर जाकर देखा कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) किस प्रकार मतदाताओं को नाम और विवरण में अंतर की जानकारी दे रहे हैं तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सरल, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए।

 

मतदाताओं को मिलेगा जानकारी सुधारने का अवसर

 

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि यह अभियान मतदाताओं को अपनी जानकारी में सुधार कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के लिए आसान भाषा में चेकलिस्ट और प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश तैयार कर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि अभियान के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।

 

ऐप पर अपलोड होगी नोटिस वितरण की फोटो

 

जिलाधिकारी ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस वितरित करेंगे और नोटिस सौंपने के बाद उसकी फोटो निर्वाचन आयोग के मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया की निगरानी आसान होगी और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

14 जुलाई को जारी प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में अब तक 11,90,805 मतदाताओं के विवरण का सत्यापन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी सावधानी और जिम्मेदारी के साथ अभियान पूरा करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!