IPLHistory : IPL में सबसे ज्यादा टीमों के लिए खेलने वाले खिलाड़ी :- आईपीएल इतिहास में कई खिलाड़ियों ने अलग-अलग टीमों के लिए खेला, लेकिन आरोन फिंच ने 9 फ्रेंचाइजी बदलकर रिकॉर्ड बना दिया. इस लिस्ट में उनादकट, पांडे, कार्तिक और युवराज जैसे बड़े नाम शामिल हैं. आईपीएल में हर सीजन खिलाड़ियों की बोली लगती है और टीमें अपने हिसाब से स्क्वॉड तैयार करती हैं. इस प्रक्रिया में कई खिलाड़ी ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर में अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए खास पहचान बनाई है. कुछ नाम तो ऐसे हैं, जिन्होंने 5 से ज्यादा टीमों का प्रतिनिधित्व किया है।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच का नाम शामिल है. फिंच आईपीएल में कुल 9 अलग-अलग टीमों की जर्सी में नजर आ चुके हैं. वे राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया, सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे हैं. यह आंकड़ा उन्हें इस मामले में सबसे अलग बनाता है।
भारतीय तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट भी इस लिस्ट में काफी ऊपर हैं. उन्होंने अब तक 8 अलग-अलग टीमों के लिए आईपीएल खेला है. उनकी लगातार टीम बदलने की कहानी इस लीग की अनिश्चितता को भी दिखाती है. इन टीमों में कोलकाता नाइट राइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के नाम शामिल हैं।
आईपीएल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज मनीष पांडे ने भी कई टीमों का सफर तय किया है. वे अपने करियर में 7 अलग-अलग फ्रेंचाइजी( मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, पुणे वॉरियर्स इंडिया, कोलकाता नाइट राइडर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, लखनऊ सुपर जायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स) के लिए खेल चुके हैं. इससे पता चलता है कि टीमें उन्हें बार-बार अपने साथ जोड़ना चाहती रही हैं ।
विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने अपने लंबे आईपीएल करियर में 6 टीमों का प्रतिनिधित्व किया. दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात लायंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने फिनिशर और लीडर की भूमिका निभाई और कई बार टीम को मुश्किल हालात से निकाला. भारतीय क्रिकेट के दिग्गज युवराज सिंह भी 6 अलग-अलग टीमों की जर्सी में नजर आ चुके हैं. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण वे हर टीम के लिए अहम खिलाड़ी रहे. इनमें पंजाब किंग्स, पुणे वॉरियर्स, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस जैसी दिग्गज टीमों के नाम शामिल हैं।


