उत्तराखंड

LPG e-KYC को लेकर बड़ा अपडेट, 15 अगस्त तक e-KYC नहीं तो कनेक्शन पर संकट ; मोबाइल से करें सत्यापन

Listen to this article

देहरादून: घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं के लिए अहम खबर है। जिले में अब तक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं कराया है। आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से 15 अगस्त तक ई-केवाईसी पूरी करने की अपील की है। तय समय तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं।

खास बात यह है कि ई-केवाईसी कराने के लिए अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल एप के जरिए घर बैठे मोबाइल फोन से ई-केवाईसी पूरी की जा सकती है। इसके लिए उपभोक्ता को पंजीकृत मोबाइल नंबर और फेस वेरिफिकेशन की जरूरत होगी।

देहरादून में 2 लाख से ज्यादा उपभोक्ता अभी भी बाकी

देहरादून जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियों से 7,73,356 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इनमें से अब तक 5,64,642 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,08,714 उपभोक्ता अभी सत्यापन से वंचित हैं।

जिले में इंडियन ऑयल की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सात गैस एजेंसियां संचालित हैं। विभाग की कोशिश है कि तय समय सीमा से पहले अधिक से अधिक उपभोक्ताओं का सत्यापन पूरा कराया जा सके।

मोबाइल से ऐसे करें LPG e-KYC

जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल के अनुसार, उपभोक्ता अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड कर ई-केवाईसी कर सकते हैं। इंडेन उपभोक्ताओं के लिए IndianOil ONE, भारत गैस के लिए Hello BPCL और हिंदुस्तान गैस के लिए HP Pay एप का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ई-केवाईसी के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से एप में लॉगिन करने के बाद ई-केवाईसी विकल्प चुनना होगा। इसके बाद फेस स्कैन के जरिए पहचान का सत्यापन पूरा किया जा सकता है। फेस वेरिफिकेशन के लिए Aadhaar Face RD एप की आवश्यकता पड़ सकती है।

दिक्कत होने पर गैस एजेंसी में करा सकते हैं सत्यापन

अगर किसी उपभोक्ता को मोबाइल एप के जरिए ई-केवाईसी करने में परेशानी आती है तो वह अपनी संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर भी सत्यापन करा सकता है। आपूर्ति विभाग ने गैस एजेंसी संचालकों और डिलीवरी मैन को उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें ई-केवाईसी के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 15 अगस्त की अंतिम समय सीमा का इंतजार न करें और जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरी कर लें, ताकि गैस कनेक्शन से जुड़ी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!