
देहरादून। राजधानी स्थित दून अस्पताल में डॉक्टरों ने सूझबूझ और कुशलता का परिचय देते हुए तीन साल की मासूम बच्ची की जान बचा ली। बच्ची ने खेल-खेल में एक नुकीली कील निगल ली थी, जो उसके गले से होते हुए सांस की नली के पास जाकर फंस गई।

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद बच्ची को लगातार खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। घबराए परिजन तुरंत उसे दून अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान स्थिति गंभीर पाई गई।
डॉक्टरों की टीम ने बिना देर किए एंडोस्कोपिक प्रक्रिया के माध्यम से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद चिकित्सकों ने बेहद सावधानी के साथ कील को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। विशेषज्ञों के अनुसार, जरा सी चूक भी बच्ची के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी।
सफल ऑपरेशन के बाद बच्ची की हालत अब स्थिर और सुरक्षित बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को खेलते समय नुकीली या छोटी वस्तुओं से दूर रखें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



