उत्तराखंड

स्कूटी सवार दो बच्चों को बस ने कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर

Listen to this article

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुल्तानपुर-इस्माइलपुर मार्ग पर उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो किशोरों को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

 

जानकारी के अनुसार, पतंजलि से कर्मचारियों को छोड़ने जा रही एक बस ने स्कूटी सवार अंशुल (14) और आयुष उर्फ वंश (12) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल पुत्र समय सिंह निवासी पचेवाली, सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आयुष पुत्र ब्रह्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और संभवतः नशे की हालत में था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शाम करीब सात बजे दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक किशोर के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Adil Rao

एडिटर इन चीफ

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!